लखनऊ में सोमवार को डबल डेकर बस पलट गई। इसमें 6 की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हो गए। हालांकि आधिकारिक रूप से 5 मौतों की ही पुष्टि हुई है। 28 घायलों को SGPGI के अपेक्स ट्रामा सेंटर भेजा गया है। इनमें इसमें 7 बच्चे, 12 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर बस छोड़कर भाग गए। हादसे में मरने वाले 3 यात्रियों की पहचान हो गई है। इनमें प्रभात कुमार, अंशु (5) और अंजली (10) शामिल हैं। बाकी 3 मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। कई यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर ने हादसे के आधे घंटे पहले ढाबे पर शराब पी थी। वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ। बस नंबर और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बस लुधियाना (पंजाब) से दरभंगा (बिहार) जा रही थी। बताया जा रहा है कि 80 किलोमीटर से ज्यादा की स्पीड से जा रही बस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गोसाईगंज के पास पलटी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को उठाकर टोल प्लाजा ले जाया गया। वहीं, लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल के सभी डॉक्टरों को बुला लिया गया है। बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे के बाद जो तस्वीरें आईं, उनमें कई यात्रियों के हाथ-पैर शरीर से अलग दिख रहे। दुर्घटना की जगह पर चारों ओर खून ही खून फैल गया। जिसे सफाईकर्मियों से साफ कराया गया। हादसे के बारे में जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए