Advertisement
Sponsored
लावारिस लाश का अंतिम संस्कार, जिंदा आदमी मुर्दा बना:कानपुर में युवक का आधार, DL कैंसिल, अस्पताल बोला- मेरे बस में नहीं है
Feb 24, 2026
कानपुर में जिंदा युवक को मुर्दा बनाने का मामला सामने आया है। लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार कराने वाले जिंदा गौरव शाहू का स्वास्थ्य विभाग ने 12 सितंबर 2025 को डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया। इस बात की जानकारी गौरव को जनवरी महीने में हुई। जब उसका नाम राशन कार्ड से कट गया। गौरव ने कहा- मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में लापरवाही से मुझे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। जब मैं सुधार कराने गया तो अस्पताल प्रशासन ने कह दिया कि “ये हमारे बस में नहीं है।” अब अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हूं। अब पढ़िए कैसे जिंदा युवक बना मुर्दा गौरव शाहू गोविंद नगर क्षेत्र के निराला नगर के रहने वाले हैं। ये लावारिस लोगों को अस्पतालों में एडमिट और अंतिम संस्कार करते हैं। गौरव शाहू ने बताया- 7 सितंबर को एक लावारिस मरीज को मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में भर्ती करवाया। इसके बाद मरीज की 12 सितंबर 2025 को मौत हो गई। डॉक्टरों की लापरवाही से मेरा आधार कार्ड जो पैरोकारी में लगा था, मुझे डिसीज (मृत्यु) घोषित कर दिया है। फिर मैंने उस लावारिस लाश का अंतिम संस्कार किया था। जिसके बाद मेरा आधार कार्ड इन वैलिड हो गया। राशन लेने गए तब हुई जानकारी गौरव बताते हैं, जब हम जनवरी 2026 में सरकारी राशन की दुकान से राशन लेने पहुंचे तो मेरा नाम कटा हुआ था। मुझे लगा कि कोई गलती हुई होगी। मैं बैंक अकाउंट से पैसे निकालने की कोशिश की तो वो भी ब्लॉक कर दिया गया था। मैंने सोचा ऐसा क्यों हो रहा है। जब मैंने आधार कार्ड के बारे में जानकारी की तो वो इनवैलिड था। मेरा ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड सब रिजेक्ट हो गए थे। मुझे कुछ समझ में नहीं आया। फिर मैंने पता किया तो जानकारी हुई मैं तो मर चुका हूं। एक महीने से विभागों के चक्कर लगा रहा हूं सभी कागजों के कैंसिल होने के बाद मुझे विभागों के चक्कर लगाते हुए करीब 1 महीने हो गए। मैने CMO ऑफिस में शिकायती पत्र दिया था। जिसके बाद मुझे CMO साहब ने 23 फरवरी को एक कैन्सेलशन का फार्म दिया है। अब कैन्सेलशन फॉर्म सभी ऑफिस में सबमिट करना पड़ेगा। तब मेरे सभी कागज सही हो पाएंगे। जिसके बाद मुझे किसी भी योजना का लाभ मिल पाएगा। अब पढिए शिकायती पत्र ‘ गौरव शाहू ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कानपुर नगर को एक शिकायती पत्र देते हुए लिखा “मैं गौरव साहू, पिता अमीर चंद्र साहू, निवासी अंबेडकर नगर, कच्ची बस्ती, जूही कानपुर नगर का निवासी हूं। यह बताना चाहता हूं कि मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में लापरवाही से मुझे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। जब मैं सुधार कराने गया तो अस्पताल प्रशासन ने कह दिया कि “ये हमारे बस में नहीं है।” इस गलती से से मेरा आधार UID इनवैलिड हो गया है और मैं सभी सरकारी सेवाओं से वंचित हो गया हूं। अतः आपसे निवेदन है कि मामले की जांच कर अस्पताल को तत्काल रिकार्ड सुधारने व लिखित सुधार प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दें।” जिंदा आदमी को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का भी आ चुका है मामला कानपुर में GSVM कॉलेज अक्सर ऐसे करनामों के लिए चर्चा में बना रहता है। करीब दो महीने पहले हैलट अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में युवक की मौत की सूचना पर पुलिस टीम हैलट पहुंची थी। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया शुरू की। बेड के पास गए तो पता चला कि युवक जिंदा है। इसके बाद डॉक्टरों और पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि वार्ड नंबर- 12 में दो मरीज भर्ती थे। बेड नंबर- 42 पर विनोद (42) और बेड नंबर- 43 पर 60 साल का लावारिस बुजुर्ग भर्ती था। असल में मौत लावारिस बुजुर्ग की हुई थी। जूनियर डॉक्टरों ने बेड नंबर- 42 पर भर्ती दूसरे मरीज विनोद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने विनोद की फाइल पर लिखे नंबर पर फोन किया। फिर उसके साथी और घरवाले आए थे। इस मामले में यूपी के डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद तीन कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया था। GSVM के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने कहा- हो सकता है युवक ने अपने आधारकर्ड में खुद कुछ किया हो। हालांकि उसके कागज सही करवा दिए गए हैं। ------------------------
ये खबर भी पढ़ें
कानपुर में कॉन्स्टेबल ने सरेआम ट्रांसजेंडर को किस किया; वीडियो वायरल होने पर गिड़गिड़ाया- नौकरी पर बन आई, रील डिलीट कर दो कानपुर में रील बना रही ट्रांसजेंडर को कॉन्स्टेबल ने सरेआम किस किया। ट्रांसजेंडर ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उसने गाना लगाया- छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला…। पढ़िए पूरी खबर
Advertisement
Advertisement
Readers Comments