Advertisement
Sponsored
साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के 77,400 रुपये वापस कराए:टेलीग्राम ग्रुप में पैसा दोगुना करने के नाम पर हुई थी धोखाधड़ी
Feb 23, 2026
बाराबंकी में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है। साइबर क्राइम सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 77,400 रुपये वापस कराए हैं। ओमनगर नई बस्ती, थाना कोतवाली नगर निवासी मोहित मिश्रा पुत्र शिवगोबिंद मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया और उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में मोहित मिश्रा को 'पैसा दुगुना' करने का लालच दिया गया, जिसके बाद उनसे पैसे ट्रांसफर करवाए गए। बाद में यह पूरा मामला धोखाधड़ी का निकला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश और क्षेत्राधिकारी संगम कुमार के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित किया, ट्रांजेक्शन को ट्रेस किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 77,400 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या मैसेजिंग ऐप पर 'पैसा दुगुना', निवेश या लॉटरी जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या रकम ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments