संतकबीर नगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर महिला बीडीओ और दलित सचिव से दुर्व्यवहार करने तथा एसआईआर के कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। महिला बीडीओ श्वेता वर्मा और पंचायत सचिव रमाकांत ने धनघटा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामला धनघटा थाना क्षेत्र स्थित पौली ब्लॉक का है। बीडीओ श्वेता वर्मा ने तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह अपने कार्यालय में एसआईआर कार्य निपटाने के बाद एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंची थीं। उसी दौरान अमौली गांव निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह राशन कार्ड संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। उस पर तत्काल रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाने लगे। हस्ताक्षर किए बिना नहीं जाने दे की धमकी बीडीओ के अनुसार, अरविंद सिंह ने कहा कि हस्ताक्षर किए बिना किसी को ब्लॉक से जाने नहीं देंगे। हस्ताक्षर होने के बाद भी उन्होंने गाली-गलौज और अभद्रता की। बीडीओ ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपी उनके सामने अर्धनग्न हो गए। वहीं पंचायत सचिव रमाकांत ने आरोप लगाया कि अरविंद सिंह ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडा लेकर उन्हें दौड़ाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष का पक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि उनकी सीओ और एसडीएम से बात हुई है। जिन्होंने जांच कराने की बात कही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। घटना की सूचना मिलते ही विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी धनघटा थाना परिसर में पहुंचने लगे। दूसरी ओर भाजपा के मंडल और जिला स्तर के नेता भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थकों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर एसडीएम डॉ. सुनील कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्र भी थाने पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। पीड़ित बीडीओ के समर्थन में बीडीओ हैसर समेत जिले के कई सचिव मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। संतोषजनक कार्रवाई न होने पर कर्मचारी डीम से मिलने पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Readers Comments