सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। किरवानी जंगल में छुही मिट्टी निकालने के दौरान छह महिलाएं दब गईं। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रस्क्यू के दौरान दो महिलाओं को निकाला गया, जिनमें एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक महिला का इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे में दो महिलाओं को हल्की चोट आई है। यह घटना तब हुई जब गांव की महिलाएं जंगल में छुही मिट्टी निकालने के लिए खुदाई कर रही थीं। अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रही छह महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी मशीन की मदद से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। इनकी हुई मौत हादसे में सद्दुकी निशा पत्नी कमरूदीन(35) निवासी बडहोर, अकीली पत्नी मेराज(35)निवासी किरवानी की मौके पर ही मौत हो गई। सीता पत्नी देववरन(30)निवासी किरवानी और फुल कुमारी पत्नी उदय शंकर गोड (35) को घायल हालत में निकाला गया। लेकिन अस्पताल में सीता को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया। जबकि फूल कुमारी का इलाज चल रहा है। जबकि दो महिलाओं को समय रहते लोगों ने ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का बुरा हाल है।