Advertisement
Sponsored
संभल में शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी:दो मंजिला मकान में लाखों का नुकसान, दमकल विभाग ने आधे घंटे में काबू पाया
Feb 23, 2026
संभल में एक दो मंजिला मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस अग्निकांड में लगभग एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। यह हादसा सोमवार दोपहर 12:20 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र के प्राचीन सिद्ध पीठ चामुंडा देवी मंदिर रोड स्थित मोहल्ला हल्लू सराय में हुआ। मोहल्ले के निवासी अशोक पंवार के दो मंजिला नए मकान में संभल कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी के फॉलोअर ताराचंद अपनी पत्नी प्रतिज्ञा और दो बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। घर में शॉर्ट सर्किट होने से पहले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लगी, जिसके बाद आग कपड़ों तक फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय प्रतिज्ञा घर में अकेली थीं और उन्होंने चीखते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग को मकान मालिक अशोक पंवार और किराएदार प्रतिज्ञा ने बताया कि आग से एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए हैं, और घर का अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संभल कोतवाली क्षेत्र की सरथल पुलिस चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments