Advertisement
Sponsored
हापुड़ में अंतरराज्यीय टीम का छापा:ऑयल मिल सहित कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग ने की कार्रवाई, सैंपल जांच के लिए भेजे
Feb 23, 2026
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की अंतरराज्यीय टीम ने हापुड़ में अलग अलग कई प्रतिष्ठान पर छापामार कार्यवाही की। टीम ने प्रतिष्ठानों पर दरवाजा बंद कर छापामार कार्यवाही की। सोमवार को हापुड़ में दिल्ली रोड स्थित रविन्द्रा ऑयल मिल पर छापा मारा। विभागीय अफसरों के मुताबिक यह कार्रवाई लखनऊ में हुई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें तेल की गुणवत्ता और मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई गई थी। लखनऊ मुख्यालय से आई टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान ऑयल मिल परिसर में स्टॉक रजिस्टर, कच्चे माल, तैयार उत्पाद और पैकेजिंग की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने तेल के विभिन्न नमूने लेने और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्यवाही शुरू की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सैंपल भेजे जाने पर जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हापुड़ में तीन से चार अन्य स्थानों पर भी टीम द्वारा सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी से क्षेत्र के कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है। अफसरों का दावा है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने तक संबंधित प्रतिष्ठानों पर विभाग की निगरानी बनी रहेगी।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments