होली के त्योहार से पहले बाजारों में मिठाई, घी, पनीर और बेसन जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट रोकने के लिए छापेमारी और जागरूकता अभियान दोनों शुरू किए हैं। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में एक टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच खाद्य पदार्थों के नमूने सील किए गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जिन स्थानों से नमूने लिए गए, उनमें सीबीगंज के बंडिया स्थित अर्श किराना स्टोर से बेसन, सिविल लाइंस के किप्स स्वीट्स से लड्डू, नैनीताल रोड भोजीपुरा स्थित अर्श किराना स्टोर से अमूल प्योर घी, स्टेशन रोड पर स्वर्ण टावर होटल के सामने गुप्ता जी डेयरी प्रोडक्ट से पनीर और नवल्टी चौराहा स्थित दीनानाथ एंड सन्स से दही शामिल हैं। विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में हलचल मच गई। कई दुकानदारों ने तुरंत अपने स्टॉक की व्यवस्था की, वहीं ग्राहकों के बीच भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई। छापेमारी के साथ-साथ विभाग ने जी.आई.सी. ऑडिटोरियम में एक स्टॉल लगाकर खाद्य कारोबारियों को नियमों, लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं और स्वच्छता मानकों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पांच फूड वेंडिंग कारोबारियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने वाले कारोबारियों को सम्मान मिलेगा, जबकि मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने भी इस पहल की सराहना की और जनहित में ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया। अक्षय गोयल ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूनों में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।