Advertisement
Sponsored
10 साल पहले चुनौती थी मेरठ से दिल्ली की दूरी:सीएम योगी बोले- आज वैश्विक स्तर पर हो रही प्रधानमंत्री के विजन की प्रशंसा
Feb 22, 2026
मेरठ में नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना की सौगात देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। साथ ही आने वाली विकास योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को नए और आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उनके ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, वंचित, अन्नदाता किसान, महिलाओं और युवाओं समेत समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली से सभी को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री देशभर के विकास कार्यों की नियमित और गहन समीक्षा करते हैं, जो किसी भी मंत्री द्वारा अपने विभागीय कार्यों की समीक्षा से कहीं अधिक व्यापक होती है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दिया निमंत्रण सीएम योगी ने अपने संबोधन के दौरान मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में बने यूपी के पहले खेल विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने ही इसका शिलान्यास किया था। जिसके बाद आने वाले अप्रैल तक वह बनकर तैयार हो जाएगा, कक्षाएं गत वर्ष प्रारंभ हो चुकी हैं। सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी लगभग तैयार हो चुका है। प्रधानमंत्री जी ने ही उसका शिलान्यास किया था। आज प्रदेशवासियों की इच्छा है कि खेल विवि व नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से हो। इसी तरह केंद्रीय कैबिनेट ने हाल में नोएडा मेट्रो के नए रूट को स्वीकृति दी है। सीएम ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि मेट्रो के नए रूट का शिलान्यास और तीन वर्ष में इसके तैयार होने के उपरांत इसका लोकार्पण भी आपके द्वारा हो। अब चुनौती नहीं दिल्ली से मेरठ की दूरी मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 10 साल पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी एक चुनौती होती थी। इसे तय करने में चार से पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ती थी। दिल्ली दूर है, यह मानते हुए लोग थक-हार कर बैठ जाते थे और सोचते थे कि जाम में फंसना पड़ेगा। आज 12 लेन के एक्सप्रेसवे से दिल्ली व मेरठ जुड़े हैं। मेरठ से दिल्ली पहुंचने में मात्र 45-50 मिनट लगते हैं। अब नमो भारत रैपिड रेल व मेरठ मेट्रो का नया उपहार इस दूरी को और घटा रहा है। पीएम मोदी ने शनिवार को ही गौतम बुद्ध नगर में सेमीकंडक्टर के नए प्लांट का शिलान्यास किया है, यानी हमारा भारत आने वाले समय की चुनौतियों को देखते पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। वैश्विक स्तर पर हो रही प्रधानमंत्री की तारीफ सीएम योगी ने कहा कि पिछले दिनों नई दिल्ली में संपन्न इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। इस समिट में वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन और उसे धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की प्रशंसा की। सीएम ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के वक्तव्य का जिक्र करते हुए कहा कि मैक्रों ने कहा कि भारत ने कुछ ऐसा बनाया, जो दुनिया का कोई दूसरा देश नहीं बना सकता। मैक्रों का यह कहना प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शिता साबित करता है, आज पूरी दुनिया का ध्यान डिजिटल इंडिया की ओर आकर्षित हुआ है। पीएम की कार्यशैली प्रेरणा का स्रोत सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रति दृष्टिकोण विकसित भारत की उस आधारशिला का विजन है, जिसकी दुनिया में चर्चा है। देश में नमो भारत रैपिड रेल का उद्घाटन, मेट्रो का विस्तार, वंदे भारत, वाटरवे, एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की सुविधा बहुत तेजी से फैली है। आज हर कोई इसकी ताकत को महसूस कर रहा है। इसके जरिए जीवन को आसान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों ने देखा है कि 2014 के पहले देश कैसे चलता था। हाल में ही प्रधानमंत्री ने देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर की मॉनीटरिंग करते हुए 50वीं बैठक की। इससे पहले बड़े प्रोजेक्ट्स की मॉनीटरिंग नहीं होती थी।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments