401 वर्षों से रंगभरनी एकादशी पर निरंतर आयोजित हो रही राधावल्लभ लाल जु की परम्परागत भव्य शोभायात्रा 27 फ़रवरी को निकलेगी। यह सवारी वृन्दावन धाम की सबसे प्राचीन सवारी मानी जाती है, जिसमें हर साल भारी संख्या में भक्तजन सम्मिलित होते हैं। इस सवारी में भगवान राधा कृष्ण के स्वरूप बग्गी में विराजमान होकर गुलाल उड़ाते हुए निकलते हैं। भगवान के स्वरूप खेलते हैं होली अखिल भारतवर्षीय श्री राधावल्लभीय वैष्णव महासभा के अध्यक्ष श्री हित सम्प्रदायाचार्य योगेंद्र वल्लभ गोस्वामी महाराज ने बताया कि विगत 401 वर्षों से श्रीधाम वृन्दावन में अनवरत रुप से आयोजित होती आ रही रंगीली होली की सवारी में श्री प्रिया प्रियतम अपनी निज सहचरियों के साथ नगर में होली खेलने पधारते हैं। जिसके उपरान्त मंदिर में रंगीली होली का शुभारम्भ होता है। परम्परानुसार इस बार उक्त दिव्य शोभायात्रा का आयोजन रंगभरनी एकादशी 27 फ़रवरी को अत्यंत भव्य स्वरुप में होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकीं हैं। बड़ा रास मंडल से शुरू होगी शोभायत्रा योगेंद्र वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि शोभायात्रा श्रीहित राधावल्लभीय निर्मोही अखाड़ा बड़ा रासमण्डल, गोविन्द घाट से प्रारम्भ होकर श्रीराधावल्लभ मन्दिर घेरा में सम्पन्न होगी, तत्पश्चात् विशेष प्रसाद वितरण होगा। महामण्डलेश्वर श्रीमहन्त लाड़लीशरण महाराज, बाबा रसिक माधवदास महाराज एवं विष्णुमोहन नागार्च के सानिध्य में आयोजित सवारी में अनेक संत, महंत, सेवायत व आचार्यजन सम्मिलित होंगे। महासभा के सचिव आशीष विष्णु अग्रवाल (पेड़े वाले), संयोजक राकेश अग्रवाल, बालकिशन सोनी तथा प्रवीण अग्रवाल ने समस्त धर्म परायण जनता से शोभायात्रा में शामिल होकर अद्भुत आनंद प्राप्त करने का अनुरोध किया है।
Readers Comments