नैमिषारण्य धाम से शुरू हुई पौराणिक 84 कोसी परिक्रमा का रामा दल सोमवार को अपने छठे दिन हरदोई के साखिन गोपालपुर पड़ाव से सीतापुर के देवगवां के लिए रवाना हो गया। सुबह साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने भक्तिमय वातावरण में अगले पड़ाव की ओर प्रस्थान किया। परिक्रमा दल के साखिन पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन और भक्तों ने उनका स्वागत किया। उपजिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा और क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत चौहान ने साधु-संतों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान परिक्रमा सचिव पीठाधीश्वर महंत संतोष दास खाकी, मनगढ़ आश्रम के अध्यक्ष महंत नारायण दास और पहला आश्रम के महंत श्याम जी खाकी सहित देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए सीतापुर की सीमा की ओर बढ़े। परिक्रमा मार्ग और मेला स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। टड़ियावां थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मेले को विभिन्न जोनों में बांटकर कैमरों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रताप नगर चौराहा और बघौली रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों का प्रवेश रोका गया, ताकि श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा में कोई बाधा न आए। मार्ग में जगह-जगह सजी दुकानों और झूलों ने उत्सव जैसा माहौल बना दिया था। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्थानीय लोगों ने जलपान और विश्राम की व्यवस्था की थी। यह रामा दल अब सीतापुर के देवगवां में विश्राम करेगा, जिसके बाद आगे की पौराणिक यात्रा जारी रहेगी।