प्रयागराज के फूलपुर निवासी अभिनेता अभय शुक्ला इन दिनों सोनी टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'CID' में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच पहचान बना रहे हैं। हाल ही में फूलपुर में आयोजित एक समारोह में उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। अभय ने बताया कि जब वे कक्षा 10वीं में थे, तब उनका मन पढ़ाई में नहीं लगता था। इसी दौरान उनके एक शिक्षक ने उनसे कहा, "तुम्हारा पढ़ाई में मन नहीं लगता, लेकिन तुम्हारा व्यक्तित्व और चेहरा अच्छा है, तुम फिल्मों में काम क्यों नहीं करते?" शिक्षक की यह बात उनके दिल में उतर गई और यहीं से उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने का सपना देखा। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर आसान नहीं था। परिवार और समाज की अपेक्षाओं के बीच खुद को साबित करना एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि, लगातार मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने मॉडलिंग और विज्ञापनों में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी और अब वे टीवी के चर्चित शो 'CID' में नजर आ रहे हैं। अभय शुक्ला ने यह भी जानकारी दी कि वे जल्द ही गुजरात में बनने वाली एक फिल्म में दिखाई देंगे। यह फिल्म गुजराती और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज होगी। उन्होंने बताया कि यह फिल्म समकालीन विषयों पर आधारित है और समाज को एक सकारात्मक संदेश देगी। समारोह के दौरान अभय ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लड़कियों को अश्लील वीडियो बनाने से रोकें। उन्होंने जोर दिया कि आज के दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई चीजें तेजी से वायरल होती हैं, ऐसे में युवाओं को सोच-समझकर सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने संस्कृति और सकारात्मक सोच अपनाने पर बल देते हुए कहा कि सफलता के लिए धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। प्रयागराज के फूलपुर में अभय शुक्ला का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।