बुलंदशहर में आरटीई (RTE) सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी की मजदूर सभा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। मंगलवार को मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष रामकुमार यादव और जिला महासचिव सतीश गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विभिन्न वार्डों के आवेदनों को स्वीकार कर प्रवेश देने की प्रक्रिया में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार हो रहा है। ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर जांच की मांग की गई है। पहला बिंदु यह है कि यदि भिन्न वार्डों के आवेदन स्वीकार किए जा सकते हैं, तो कुछ आवेदनों को किस आधार पर निरस्त किया गया। दूसरा, 32 आवेदनों को भिन्न वार्ड का होने के बावजूद किस आदेश या निर्देश के तहत स्वीकार किया गया। तीसरा बिंदु यह है कि क्या समान परिस्थितियों में अलग-अलग मानक लागू किए गए, और यदि ऐसा हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान हाजी अख्तर, कृष्णपाल यादव पंडित, अमित त्यागी, नवाब शाह जलाली और रोहित गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Readers Comments