भदोही में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के 'जस्टिस फॉर टीचर्स' अभियान के तहत शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन लगातार जोर पकड़ रहा है। शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण, प्रशिक्षण और बोर्ड ड्यूटी कर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि बुधवार को बेसिक शिक्षकों ने तीसरे दिन भी यह प्रदर्शन जारी रखा। उनकी मुख्य मांग शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को वापस लेना है। इस संबंध में 26 फरवरी को कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, ज्ञानपुर पर एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया है। विरोध दर्ज कराने का आह्वान अखिलेश कुमार ने जिले के सभी कार्यरत शिक्षकों से इस प्रदर्शन में उपस्थित होकर अपना विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक धीरेन्द्र कुमार यादव, सह संयोजक अरुण कुमार पांडेय और महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष प्रीति मौर्य ने भी शिक्षकों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना संघर्ष के कुछ भी हासिल नहीं होता, इसलिए सभी शिक्षक 26 फरवरी को ज्ञानपुर में उपस्थित होकर इस कानून को वापस लेने के लिए शासन-प्रशासन पर दबाव बनाएं।