Advertisement
Sponsored
अखिलेश के 'बदनामपुर' वाले बयान पर आशीष पटेल का पलटवार:बोले- कानपुर की पहचान को कोई धूमिल नहीं कर सकता, अविमुक्तेश्वर FIR पर साधी चुप्पी
Feb 23, 2026
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ‘बदनामपुर’ वाले बयान पर पलटवार किया। पटेल ने कहा कि कानपुर की पहचान को कोई भी नाम बदलकर धूमिल नहीं कर सकता। कानपुर के लोगों में अटूट प्रेम और आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति है। कुछ लोग इसे चाहे जो नाम देना चाहें, कानपुर हमेशा अपनी गरिमा बनाए रखेगा। आशीष कानपुर के लाजपत भवन में कुर्मी समागम परिवार के छत्रपति शिवाजी महाराज जन्म जयंती सप्ताह के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। दरअसल, पिछले दिनों अखिलेश यादव ने कानपुर को 'बदनामपुर' कहा था। वहीं, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ हुई एफआईआर पर बोले कि अभी मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है इसलिए टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। पटेल बोले- अगला चुनाव भी एनडीए के साथ ही लड़ेंगे अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मंत्री आशीष पटेल ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भी अपनी रणनीति स्पष्ट की दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुट गई है और अगला चुनाव भी एनडीए गठबंधन के साथ ही लड़ा जाएगा। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि पिछले दो चुनावों में उनका स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत से ज्यादा रहा है, लेकिन 2027 में 100 प्रतिशत सीटें जीतकर इतिहास रचेंगे। बोले- SIR जैसे मुद्दों पर विपक्ष के पास ठोस आधार नहीं पूर्व सीएम अखिलेश के बयान पर निशाना साधते हुए आशीष पटेल ने कहा कि एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष के पास कोई ठोस आधार नहीं है, वे केवल भ्रांतियां फैला रहे हैं क्योंकि उनके पास कहने के लिए कुछ और बचा ही नहीं है। कार्यक्रम के दौरान आशीष पटेल ने छत्रपति शिवाजी महाराज को समाज का गौरव बताते हुए कहा कि, उनके जीवन से मिलने वाली सीख समाज को प्रगति के पथ पर ले जाएगी। पूरे कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और शांतिपूर्ण माहौल को उन्होंने सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments