फिरोजाबाद के बसई रोड स्थित एशियन इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को भजन सम्राट अनूप जलोटा का भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित हुए और उन्होंने भजनों का आनंद लिया। अनूप जलोटा ने अपने प्रसिद्ध भजन "ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन" से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने "कौन कहता भगवान आते नहीं, मीरा के जैसे बुलाते नहीं", "तेरे तन में राम, मन में राम" जैसे भजन प्रस्तुत किए, जिन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों "श्याम तेरी वंशी पुकारे राधा नाम" और "जग में सुन्दर हैं दो नाम, चाहे कृष्ण कहो या राम" पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान अनूप जलोटा ने कहा, "अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है, राम खड़े हैं धनुष लिए अब वंशी की बारी है।" टीवी पर दिखने वाले भजन गायक को सामने देखकर श्रोता मंत्रमुग्ध होकर भजनों का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के आयोजक विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र यादव ने भजन सम्राट अनूप जलोटा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पीके जिंदल, हेमंत अग्रवाल, राजेंद्र यादव (डायरेक्टर), तनय यादव (मैनेजिंग डायरेक्टर), पीरथ ओडिशा, कैम्ब्रिज असिस्टेंट डायरेक्टर नीतिश पाहवा, मयंक यादव और योगेश तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।