ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के स्वरूप को आधुनिक बनाया जा रहा है। खानपान, सुरक्षा, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था समेत कई व्यवस्थाओं को उन्नत किया जाएगा। रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर प्रस्तावित लेआउट प्लान का अवलोकन कर विकास कार्यों की प्रगति जानी। विकास कार्यों का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, अनारक्षित टिकट खिड़की, प्लेटफॉर्म और लाइटिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही फसाड लाइटिंग, खानपान स्टॉल, फुटओवर ब्रिज और द्वितीय प्रवेश द्वार पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। स्वच्छता और पेयजल पर विशेष जोर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय और शौचालय की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, साफ-सुथरा और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की जिम्मेदारी है। समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश इस मौके पर डीआरएम गौरव अग्रवाल, एडीआरएम भुवनेश सिंह, नीतू और मुख्य परियोजना प्रबंधक गतिशक्ति राघवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया।