यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि AI समिट के दौरान जो हुआ वह निंदनीय है। राहुल गांधी ने देश की पूरी दुनिया में बदनामी की है। उन्होंने कहा कि “राहुल का मतलब आर से रार, ह से हुड़दंग और ल से लफंगई होता है।” राहुल गांधी जिस तरह से भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, वह निंदनीय है। राहुल गांधी देश के बाहर कहीं भी जाते हैं, भारत के खिलाफ ही बोलते हैं। इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। दरअसल, 20 फरवरी को इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 सदस्यों ने भारत मंडपम में घुसकर AI समिट के दौरान शर्टलैस होकर PM मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराई थी। इस दौरान पीएम मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए थे। मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने AI समिट के दौरान जो हुआ, उसकी मैं निंदा करता हूं। AI समिट में नंगा नाच करके कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल देश की छवि धूमिल की, बल्कि देश को दुनियाभर में बदनाम करने की साजिश रचने का काम किया। कांग्रेस की राजनीति अब विकास और जनहित से भटककर केवल अराजकता तक सीमित रह गई है। इससे पहले डिप्टी सीएम ने एक निजी वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत की। उनके साथ उनकी पत्नी नम्रता पाठक भी थीं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हनुमानगढ़ी में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। शंकराचार्य प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सरकार न्यायालय के निर्णय का सम्मान करेगी। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय में नमाज पढ़ने के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
Readers Comments