Advertisement
Sponsored
आकांक्षा ने दिल्ली के पहलवान को चटाई धूल:कानपुर केसरी बने करतार, दंगल में पहुंचे कई राज्यों के पहलवान
Feb 22, 2026
कानपुर के शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क रविवार को अखाड़े के दांव-पेच और दर्शकों के उत्साह का केंद्र बन गया। करीब 40 वर्षों से चली आ रही कुश्ती की परंपरा को जीवंत रखते हुए विशाल दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय पहलवानों के साथ-साथ राजस्थान, एमपी, अयोध्या और बनारस के धुरंधरों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस रोमांचक दंगल में करीब 1000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने पहलवानों के जोश को दोगुना कर दिया। कानपुर केसरी बने पहलवान करतार सिंह दंगल का मुख्य आकर्षण 'कानपुर केसरी' का खिताब रहा। इस कड़े मुकाबले में कानपुर के स्थानीय पहलवान करतार सिंह ने अपनी फुर्ती और तकनीक से सबको हैरान कर दिया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी खालिद को पटखनी देते हुए न केवल 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। बल्कि पीतल की चमचमाता गदा और 'कानपुर केसरी' के गौरवपूर्ण खिताब पर भी कब्जा जमाया। उपविजेता रहे खालिद को 5000 रुपये और एक गदा देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह एक अन्य मुकाबले में कानपुर के संजू ने बरेली से आए मनोज पहलवान को चित कर अपनी कुश्ती का जौहर दिखाया।
महिला पहलवानों ने भी मैदान में दिखाया दम मैदान पर सिर्फ पुरुष ही नहीं, बल्कि महिला पहलवानों ने भी अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर वाहवाही बटोरी। महिला कुश्ती के मुकाबलों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। कानपुर की आकांक्षा ने दिल्ली की दिग्गज पहलवान सरिता को कड़ी चुनौती देते हुए चित कर दिया। वहीं, एक अन्य रोमांचक मुकाबले में कानपुर की मोनिका ने रोशनी को हराकर अपनी जीत का परचम लहराया। महिला पहलवानों की इन जीतों ने साबित कर दिया कि अखाड़े की मिट्टी पर अब बेटियां भी पुरुषों के बराबर हुनर रखती हैं।
इस आयोजन में अयोध्या से आए बाबा बजरंगी समेत अन्य पहलवानो ने राजस्थान से आए साका, ब्लैक कोबरा और विक्रम फौजी जैसे बड़े।पहलवानों को चित किया। इन बाहरी पहलवानों ने अपने खास अंदाज में विरोधियों को पस्त किया। दंगल में कुल 20 से 25 कुश्तियां लड़ी गईं, जिनमें कानपुर के अलावा अयोध्या, गोरखपुर, बनारस और राजस्थान के पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments