आगरा के थाना जगदीशपुरा की बोदला चौकी पर तैनात दरोगा पर ऑटो चालक ने मारपीट और तीन हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में हिरासत की पुष्टि नहीं हुई,मामले की जांच जारी है। शाहगंज के हमीद नगर निवासी जांबाज ने बताया कि वह ऑटो चालक है। सोमवार शाम 6 बजे के करीब वह बोदला चौराहे पर ऑटो रोक कर सवारियां उतार रहा था। इसी दौरान चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने उन्हें थप्पड़ मारा और फिर गालियां देते हुए साथ मौजूद सिपाही के जरिए चौकी ले आए। यहां सिपाही ने अभद्रता की और ऑटो सीज कर उसे शांतिभंग की धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पत्नी ने आकर 3 हजार रुपये दिए तब उसे और ऑटो को छोड़ा गया। जांच में नहीं हुई पुष्टि एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया-बोदला चौराहे पर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए पुलिस चौराहे से 60 मीटर दूरी तक ऑटो खड़े नहीं होने दे रही है। इस वजह से ऑटो चालक गलत शिकायतें कर रहे हैं। सीसीटीवी में ऑटो चालक को हिरासत में लेने की पुष्टि नहीं हो रही है। मामले की जांच की जा रही है।
Reader Comments