Advertisement
Sponsored
आजमगढ़ में जिला सेवा प्राधिकरण का लगा कैंप:शासन की योजनाओं से जनता को किया गया लाभान्वित
Feb 22, 2026
आजमगढ़ दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए मेगा कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 690 लोगों को लाभ दिया गया। इससे पहले दीवानी न्यायालय के हॉल ऑफ जस्टिस में जिला जज जय प्रकाश पांडेय ने देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर मेगा कैंप का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यही है कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचे। जिला जज और अन्य न्यायिक अधिकारी विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पहुंचे, लाभार्थियों से बातचीत की और उन्हें योजनाओं से जोड़ा। स्वास्थ्य विभाग के कैंप में कई न्यायिक अधिकारियों ने शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कराई, वहीं नेत्र परीक्षण कैंप भी लगाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीतिका राजन ने बताया कि मेगा कैंप में जिला जज ने पांच महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के चेक वितरित किए, जबकि महिला एवं बाल कल्याण विभाग से जुड़ी 26 महिलाओं को प्रमाणपत्र सौंपे गए। 12 लोगों को मिली आवास की चाबी
पीएम स्वामित्व योजना के तहत डूडा द्वारा बनवाए गए आवासों की चाबियां 12 लाभार्थियों को सौंपी गईं। बैंकों से संबंधित योजनाओं के 50 लोगों को भी प्रमाणपत्र दिए गए। मेगा कैंप में कुल 34 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इस मौके पर एमएसीटी कोर्ट के जज मुकेश कुमार सिंह, अपर जिला जज कमलापति, विजय कुमार वर्मा, अजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार यादव, संदीपा यादव, सीजेएम सत्यवीर सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन अनुपम त्रिपाठी, एसीजेएम रश्मि चंद, के.आर. आनंद, अंकित वर्मा, अतुल पाल, मीनल वर्मा, सिविल जज जूनियर डिवीजन रविकांत, वीनस कुमार, सौरभ कुमार, निहारिका यादव, रिपुदमन सिंह, आदेश प्रताप सिंह, अक्षत सोनकर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments