एटा जिले के देवतरिया गांव निवासी आर्मी जवान नीरेश यादव का दिल्ली के आर आर अस्पताल में बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। 40 वर्षीय हवलदार नीरेश यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव वर्ष 2002 में भारतीय सेना के बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे 17 वर्षीय बेटे मयंक, 18 वर्षीय बेटी मांडवी उर्फ चीनू और 38 वर्षीय पत्नी सीमा को छोड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार, नीरेश यादव करीब एक सप्ताह पूर्व ही घर से ड्यूटी पर पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल दिल्ली के आर आर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से भारी भीड़ उमड़ी। अंतिम यात्रा पूरी होने के बाद, उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
Reader Comments