औरैया में नेशनल हाईवे-19 पर एक सड़क हादसा हुआ। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के बाबा होटल के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर रोडवेज बस से टकरा गया, जिससे बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब इटावा की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर को अज्ञात डंपर ने कट मार दिया। इसके परिणामस्वरूप, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर इटावा की दिशा से आ रही रोडवेज बस से जा टकराया। हादसे के समय बस में कुल 16 सवारियां मौजूद थीं। इस टक्कर में तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए। मामूली रूप से घायल हुए यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के लिए रवाना कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और डायल 112 पीआरवी 5362 के पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रैक्टर को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।