कन्नौज में बुधवार दोपहर युवाओं और अधिवक्ताओं ने 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म का विरोध किया। तिर्वा क्रासिंग चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राज्यपाल के नाम अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के शीर्षक और किरदारों में बदलाव की मांग की। विरोध प्रदर्शन के लिए युवाओं और अधिवक्ताओं की टोली तिर्वा क्रासिंग स्थित लोहिया प्रतिमा के पास एकत्र हुई। यहां लोहिया प्रतिमा का माल्यार्पण करने के बाद युवाओं ने नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा गया। इसमें ओम ठकुरानी के बैनर तले बनी फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' का शीर्षक बदलने के लिए निर्माता संदीप तोमर को निर्देशित करने की मांग की गई। देखें, 3 तस्वीरें… ज्ञापन में फिल्म के कथानक के सामाजिक प्रभाव का आकलन कराने की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि परीक्षण में किसी समुदाय की गरिमा प्रभावित होने की बात सामने आती है, तो उसमें संशोधन किया जाए या पूरी फिल्म पर प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के नाम और कथानक सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की साजिश प्रतीत होते हैं, और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे मोहित यादव ने कहा, "इस तरह की फिल्मों को सेंसर बोर्ड से स्वीकृति क्यों दी जाती है? कुछ समय पहले 'घूसखोर पंडित' और अब 'यादव जी की लव स्टोरी' जैसी फिल्में सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का काम कर रही हैं। इसमें बीजेपी सरकार की साजिश समझ में आ रही है।" इस प्रदर्शन के दौरान नेम सिंह यादव, रंजीत यादव, दिलीप कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह यादव, बृजेश कुमार, पवन श्रीवास्तव, विमल दोहरे, इदरीश खां, रामसिंह यादव, शानू आलम, सुनील यादव और अनूप सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।