कानपुर देहात, 23 फरवरी 2026: आगामी होली पर्व को देखते हुए कानपुर देहात में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही, बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई और नष्ट कराई गई। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)–II राम अवतार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने कई स्थानों पर छापेमारी की। बिसौना रोड स्थित सरसों तेल निर्माण परिसर (उपकार इंटरप्राइजेज) से सरसों तेल के दो नमूने लिए गए। यहां से लगभग 1090 लीटर सरसों तेल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,74,400 है, जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, रनिया बस्ती भीमनगर के एक प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध और पेड़ा का एक-एक नमूना जांच के लिए भेजा गया। माचा स्थित वंसल एग्रो इंडस्ट्रीज से सरसों तेल के दो नमूने लिए गए, जबकि बिहारी मोहल्ला में एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना संकलित किया गया। रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में एक खोया निर्माण परिसर पर भी कार्रवाई की गई। यहां से खोया, घी, मिश्रित दूध और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (अपमिश्रित) के नमूने लिए गए। इस दौरान लगभग 40 किलोग्राम खोया (अनुमानित मूल्य ₹10,000) और 123 लीटर मिश्रित दूध (अनुमानित मूल्य ₹6,765) को नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) राम अवतार सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे होली पर रंगीन मिठाइयों, खोया, घी और पापड़ आदि की खरीद में सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तत्काल विभाग को देने का आग्रह भी किया गया है।