कानपुर का मिजाज अब गर्म हो रहा है। 20 साल पहले भी फरवरी माह में इतना ही तापमान दर्ज किया गया था। रविवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। 2006 में भी अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया था। 19 फरवरी को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री पहुंच गया। 1971 के बाद अभी तक यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार महीने के अंत तक तापमान 30-31 डिग्री तक पहुंचेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 24 घंटे तक उत्तर पश्चिमी हवा से राहत मिलेगी। रविवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ा रहेगा। हालांकि हवाएं तापमान पर नियंत्रण रखेंगी। तापमान में एक से दो डिग्री का उतार चढ़ाव बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक ने बताया- फरवरी के अंत में तापमान का सामान्य से अधिक होना रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं, सरसों और चने के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकता है। इस समय फसलें अपने विकास के महत्वपूर्ण चरणों (जैसे फूल आना और दाना बनना) में होती हैं। अचानक बढ़ी गर्मी से समय से पहले पकना, पैदावार में गिरावट, गुणवत्ता पर असर, कीटों का प्रकोप और नमी की कमी होगी।