करनाल के नीलोखेड़ी में गिरफ्तारी वारंट तामील करने आई उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के साथ बदतमीजी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। वारंट तामील के दौरान आरोपी को काबू कर लिया गया था, लेकिन उसके पिता ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर उसे छुड़ाया और कार में बैठाकर मौके से फरार हो गया। यूपी पुलिस ने इस संबंध में बुटाना थाना में शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ में तैनात इंस्पेक्टर न्यूटन कुमार सिंह ने बताया कि वह 24 फरवरी को एचसी मोहम्मद इरशाद और सिपाही अंकित चौधरी के साथ गिरफ्तारी वारंट तामील करने नीलोखेड़ी पहुंचे थे। वारंट साहिल वर्मा पुत्र विशम्भर लाल, सत्यारानी पत्नी विशम्भर लाल और सोनाली वर्मा पत्नी साहिल वर्मा निवासी वार्ड नंबर 6, पोल्ट्री एरिया नीलोखेड़ी के नाम था। घर के बाहर ही काबू किया आरोपी सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस टीम किराये की गाड़ी से बताए पते पर पहुंची। उसी समय साहिल वर्मा एक कार से उतरता दिखाई दिया। पुलिस ने पहचान कर वारंट तामील करते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पिता ने की जोर-जबरदस्ती, आरोपी को छुड़ाया इसी दौरान साहिल वर्मा का पिता विशम्भर लाल मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम के साथ बदतमीजी की और जोर-जबरदस्ती करते हुए बेटे को छुड़ा लिया। इसके बाद साहिल वर्मा को सफेद रंग की वरना कार में बैठाकर फरार हो गया। वीडियो फुटेज सौंपी, केस दर्ज उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे इंस्पेक्टर न्यूटन कुमार सिंह ने पुलिस चौकी नीलोखेड़ी में एसआई गुरबचन सिंह को घटना की वीडियो फुटेज वाली पेन ड्राइव सौंपी और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना बुटाना में विशम्भर लाल और साहिल वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर ड्यूटी के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पार्टी से बदतमीजी करने के आरोप लगाए गए हैं। बुटाना थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और नीलोखेड़ी चौकी पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है।
Reader Comments