Advertisement
Sponsored
करहल में 400 रुपए के विवाद पर पथराव:दो पक्षों में खूनी संघर्ष, छह लोग घायल
Feb 23, 2026
करहल कस्बे के मोहल्ला कानून गोयान में सोमवार को 400 रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। मामूली रकम का यह विवाद देखते ही देखते मारपीट और ईंट-पत्थर चलने में बदल गया। इस घटना में कुल छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करहल भेजा गया है। मोहल्ला कानून गोयान निवासी इरशाद, जो बैंड बजाने का काम करते हैं, ने आरोप लगाया कि उन्होंने मोहम्मद सईद (मोहल्ला कस्यवान निवासी) के लीडर भाड़े के 400 रुपये अपने पार्टनर रहीस उर्फ छविराम को पहले ही दे दिए थे। इरशाद के अनुसार, इसके बावजूद सईद कई युवकों के साथ उनके मोहल्ले में पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया, जिसके बाद ईंट-पत्थर फेंके गए।
वहीं, मोहम्मद सईद का कहना है कि उनके लीडर भाड़े के 400 रुपये दो साल से बकाया थे, जिन्हें लेने के लिए वह इरशाद के पास गए थे। सईद ने आरोप लगाया कि इरशाद पक्ष ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मामला बढ़ गया। इस झड़प में एक पक्ष से इरशाद, पप्पी, राजा और हसन मुस्तफा घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से आदिल और सईद चोटिल हुए। दोनों पक्षों ने करहल थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments