गाजियाबाद के कौशांबी में गोवर्धन अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल पर एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लैट से धुआं निकलता देख बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। वैशाली फायर स्टेशन की दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने नीचे से ऊपर तक पाइपलाइन बिछाई और पानी की तेज धार से आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगे फ्लैट के अंदर दो एलपीजी सिलेंडर भी रखे थे, जिससे खतरा और बढ़ गया था। दमकल कर्मियों ने दोनों सिलेंडर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर टीम की मुस्तैदी के कारण आग आसपास के फ्लैटों तक नहीं फैल सकी। हालांकि, आग से फ्लैट के अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।