जौनपुर में पत्नी के अफेयर से तंग आकर युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसने लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने कनपटी पर गोली दाग ली। गोली उसके भेजे को चीरते हुए पार हो गई। मौके पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के दूसरे दिन युवक के 3 वीडियो सामने आए हैं। जिसे उसने मरने से ठीक पहले बनाया था। वीडियो में युवक ने आरोप लगाते हुए कहा- मेरी पत्नी के मेरे ही भाई से अवैध संबंध हैं। विरोध करने पर भाई, मेरी पत्नी और मेरा बेटा पिछले 7-8 महीने से मुझ पर हमला कर रहे हैं। मैं इन लोगों से तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं। युवक के मोबाइल में एक और वीडियो मिला है, जो कुछ दिन पुराना है। इसमें युवक अपने ऊपर हमले की बात बताते हुए कंधे पर चोट के ताजे निशान दिखा रहा है। युवक ने वीडियो में अपनी पत्नी, बेटे और भाई को कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है। फिलहाल इन वीडियो के आधार पर पुलिस ने नए सिरे से मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां खुर्द गांव की है। पढ़िए VIDEO में सुसाइड से पहले युवक ने क्या कहा... संजय यादव ने आत्महत्या से पहले तीन वीडियो बनाए, जिनकी अवधि 26 सेकंड, 23 सेकंड और 2 मिनट 19 सेकंड थी। सबसे लंबे वीडियो में संजय यादव ने कहा, "मेरा नाम संजय यादव है, मैं पूरे होशोहवास में प्रशासन से अपनी बात कर रहा हूं। पिछले 7-8 महीनों से मेरा भाई योगेंद्र उर्फ मुन्ना यादव मुझ पर हमला कर रहा था। मुन्ना का मेरी पत्नी विमला देवी से अवैध संबंध है। मुन्ना, मेरी पत्नी विमला और मेरा बेटा अभिषेक मुझ से मारपीट करते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मैं इन लोगों से तंग आ चुका हूं, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं। मेरा परिवार नहीं चाहता कि मैं इस दुनिया में रहूं। मेरी मौत का एकमात्र कारण मेरा भाई मुन्ना यादव, बेटा अभिषेक और पत्नी विमला हैं। मेरी प्रशासन से गुहार है कि इन तीनों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। प्रशासन से अनुरोध है कि मेरे जानवरों को बेचकर मेरे कर्जदारों का कर्ज चुका दिया जाए। अब पूरा मामला विस्तार से समझ लीजिए… जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां खुर्द गांव निवासी संजय यादव (48) ने सोमवार रात करीब 11 बजे अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई, जब उनके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। परिजनों को संदेह हुआ तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर संजय बिस्तर पर मृत पड़े थे। पूरे कमरे में खून ही खून फैला था। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी गजानंद चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। रात 10:30 बजे लौटे थे घर, दूसरी मंजिल पर अकेले रहते थे पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10:30 बजे संजय यादव एक दोस्त के साथ किसी परिचित के यहां भोजन कर घर लौटे थे। इसके बाद वह मकान की दूसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में सोने चले गए। परिवार के अन्य सदस्य पाही (खेत पर बने घर) पर थे, जबकि वह ऊपर अकेले रहते थे। सुबह तक कोई हलचल न होने पर परिवार को आशंका हुई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। केराकत क्षेत्राधिकारी ने भी जांच की निगरानी की। खेती-बाड़ी और ट्रैक्टर चलाकर करते थे गुजारा संजय यादव तीन भाइयों, संजय, महेंद्र यादव और योगेंद्र यादव में सबसे बड़े थे। वे पिता रामनारायण यादव के साथ खेती का काम देखते थे और किसानों के खेतों में ट्रैक्टर चलाकर जुताई का कार्य भी करते थे। परिवार में पत्नी विमला देवी, 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक और 15 वर्षीय पुत्री अमिषा हैं। थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के मोबाइल से तीन वीडियो मिले हैं, जिसमें उसने अपने भाई, पत्नी और बेटे पर आरोप लगाए हैं। आरोपों के बारे में जांच चल रही है। पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत तनाव और अन्य संभावित कारणों की भी जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ------------------------------------- ये खबर भी पढ़िए… प्रेमी ने प्रेमिका को आग लगाकर खुद को जलाया:युवक की मौत, महिला 90% झुलसी; अलीगढ़ में 4 साल से अफेयर था अलीगढ़ में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इसके बाद वह अपनी प्रेमिका से लिपट गया। दोनों बुरी तरह झुलस गए। आग की लपटों से घिरे दोनों की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर छत से नीचे पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद दोनों को जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान प्रेमी की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…