गोरखपुर के मियां बाजार स्थित हट्टी माई रोड के पास मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे बिजली पोल पर काम करते समय करंट लगने से लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान मोहरीपुर बरगदवा के रहने वाले करीब 50 साल के हृदय नारायण तिवारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हृदय नारायण तिवारी पोल पर लगे एलटी बॉक्स पर तकनीकी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनका पिलास फेस की लाइन से टच हो गया, जिससे अचानक तेज स्पार्क हुआ और पोल पर आग लग गई। स्पार्क इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। बिना शटडाउन- सुरक्षा उपकरण के हो रहा था काम प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लाइनमैन बिना बिजली शटडाउन और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण के पोल पर चढ़े थे। लोगों का कहना है कि अगर लाइन बंद कराकर काम कराया जाता तो यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। तेज स्पार्क के साथ धमाका जैसी आवाज हुई और आग की लपटों में उनका हाथ बुरी तरह झुलस गया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए खुद को संभाला और सीढ़ी के सहारे नीचे उतर आए। नीचे उतरने के बाद वह दर्द से परेशान रहे। पिलास फेस से टच होने से हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीचे उतरने के बाद वह झुलसे हाथ के साथ साइकिल से जाने लगे, लेकिन उनके साथी कर्मचारियों ने उन्हें रोककर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। बॉक्सीपुर उपकेंद्र के एसडीओ पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि लाइनमैन एलटी बॉक्स पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पिलास फेस की लाइन से टच हो गया, जिससे तेज स्पार्क हुआ और आग लग गई। इस घटना में उसका हाथ झुलस गया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे गंभीर सवाल घटना के बाद बिजली विभाग के फील्ड कार्यों में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना शटडाउन और बिना सुरक्षा उपकरण के काम कराना कर्मचारियों की जान जोखिम में डालना है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार घायल लाइनमैन के हाथ में गंभीर जलन है, हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और लगातार निगरानी की जा रही है।
Readers Comments