उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं विमुक्त जातियों की बैठक में घाटमपुर विधायक ने जनसुविधाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संयुक्त समिति की पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को लखनऊ में हुई। इसमें विभागीय योजनाओं, बजट प्रावधानों, विकास कार्यों और विभिन्न जिलों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। विधायक सरोज कुरील ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और जनसुविधाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक कुरील ने कहा कि घाटमपुर क्षेत्र में ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने इन स्थलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। सरोज कुरील ने समिति के समक्ष क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सड़क व बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक संस्कृति को प्रोत्साहन देने की बात रखी। उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति एवं विमुक्त जाति समाज से जुड़े लोगों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि पर्यटन के माध्यम से न केवल सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलते हैं। बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी, जिस पर समिति सदस्यों ने आवश्यक सुझाव भी दिए। विधायक सरोज कुरील ने कहा कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को समिति के समक्ष मजबूती से रखा है, और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
Reader Comments