चंदौली जिले में सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 3807 लीटर अवैध शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बुधवार को मझवार रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर जांच के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में प्याज की बोरियों के नीचे विभिन्न ब्रांड की शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं। कुल 3807 लीटर शराब जब्त की गई। गिरफ्तार तस्करों की पहचान हरियाणा राज्य के कादिराबाद जनपद के धौज थानाक्षेत्र निवासी मुबारक खां और चुन्ना खां के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से शराब लोड कर बिहार राज्य के पटना शहर जा रहे थे। बिहार में शराबबंदी के कारण होली के त्योहार पर शराब की अधिक मांग होती है, जिसका फायदा उठाने की उनकी योजना थी। होली के पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। गिरफ्तार तस्करों से उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह, तरुण कुमार, रावेंद्र सिंह, कन्हैया लाल मौर्य, स्वाट प्रभारी रामजनम यादव, आशीष मिश्रा, धीरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।