जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया मार्ग पर मंगलवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम को मंगलवार सुबह पोटरिया मार्ग पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के लपरी गांव निवासी राधेश्याम बिंद (35) के रूप में की। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Readers Comments