झांसी में नेशनल हाईवे 44 पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सुबह से ही ग्वालियर रोड बाईपास पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए। ट्रक चालक कई-कई घंटे से सड़क पर ही खड़े हैं। किसी ट्रक में फैक्ट्रियों के लिए कच्चा माल लदा है तो कुछ वाहनों में जीवन रक्षक दवाएं भी रखी हैं, जिनकी समय पर आपूर्ति न होने से चिंता बढ़ गई है। यह जाम उस स्थान पर लगा है जहां कश्मीर से कन्याकुमारी को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के कारण सड़क संकरी कर दी गई है और चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा है। पाल कॉलोनी से हाईवे को वन वे कर दिया गया है, जिससे ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया है। सुबह के समय ऑफिस, स्कूल बसों और मालवाहक वाहनों की संख्या अधिक होने से स्थिति और बिगड़ जाती है। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। कई ट्रक चालक रात से ही सफर पर हैं और सुबह की चाय या नाश्ते के लिए भी किसी ढाबे या होटल तक नहीं पहुंच पा रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से यही हाल है, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे। पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने और वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट जानकारी न होने से वाहन चालक असमंजस में रहते हैं। यदि जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जाम की स्थिति और भयावह हो सकती है, खासकर त्योहार और शादी सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ने पर समस्या और गहरा सकती है।