झांसी में दो पक्षों की लड़ाई देख रही महिला की गोली लगने से मौत हो गई। गोली महिला के सीने में लगी। वहीं उसके बेटे के भी छर्रे लगे हैं। घरवालों ने घायल मां-बेटे को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने कुसुम देवी को मृत घोषित कर दिया। राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना उन्नाव गेट इलाके की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के उन्नाव गेट निवासी कुसुम देवी (60) पत्नी रज्जन अपने घर के बाहर खड़ी होकर दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को देख रही थीं। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली कुसुम देवी के सीने में जा लगी। वहीं पास में खड़े उनके पुत्र राहुल को छर्रे लग गए, जिससे वह भी घायल होकर गिर पड़ा। घरवाले दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कुसुम देवी को मृत घोषित कर दिया। राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल व परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Readers Comments