चंदौली में टीचर दूल्हे को लेकर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। कार में दूल्हे, दो लड़कियां और एक रिश्तेदार बैठे हुए थे। दूल्हा तैरकर बाहर आ गया। आसपास की मदद से बाकी तीनों को बाहर निकाला। हादसा शादी वाली जगह से 300 मीटर दूर हुआ। हादसे की वजह से बारात दो घंटे देरी से निकली। फिर वह बग्घी पर सवार होकर रात 11 बजे लॉन पहुंचा और शादी की रस्में पूरी कीं। परिवार ने बताया कि हादसे में दूल्हे का 75 हजार का स्मार्ट फोन, सोने की चेन और अंगूठी भी तालाब में गिर गई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। घटना की तस्वीरें देखिए… पढ़िए पूरा मामला… जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव के रामनरेश प्रजापति के दूसरे बेटे पवन कुमार प्रजापति प्रयागराज (34) के अलर्ट पालीटे​क्निक कालेज में लेक्चरर के पद पर तैनात हैं। पवन की शादी बबुरी​ थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव के जवाहिर उर्फ लखेन्दर प्रजापति की तीसरी बेटी शालू से तय हुई थी। शालू ग्रेजुएट है। शालू के दो भाई कानवेंट स्कूल में ​शिक्षक हैं। पिता किसान हैं। शादी बबुरी के एक लॉन से होनी थी। बारात दूल्हे के घर से बबुरी के लिए निकली। स्विफ्ट कार में पवन के अलावा, घर की दो लड़कियां और रिश्तेदार भी थे। दूल्हा आगे की सीट पर था। रास्ते में ड्राइवर ने गाड़ी रोककर शराब पी। नशे में वह तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने लगा। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर चलती कार से कूद गया। कार तालाब में गिर गई और डूबने लगी। ड्राइवर सीट की तरफ गेट खुला था, जिससे दूल्हा पवन बाहर आ गया। वह 20 से 25 मीटर तैर कर बाहर निकल आया। दूल्हे की कार के पीछे से बारातियों की गाड़ियां थीं। आसपास के लोगों की मदद से उन्होंने लड़कियों और रिश्तेदार को बचा लिया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही दुल्हन के परिवार वाले पहुंच गए। अगर गेट ड्राइवर का गेट नहीं खुलता तो बड़ा हादसा कार अनियंत्रित होकर सड़क से जब उतरी, उसी समय ड्राइवर गेट खोलकर कूद गया। कार जब तालाब में गिरी तो धीरे–धीरे गहरे पानी में जाने लगी। ड्राइवर साइड खुले गेट पहले दूल्हा निकला और बाहर आया। दो मिनट में कार के चारों पहिये ऊपर आ गए। रात में कार को क्रेन की मदद से निकाला गया। दूसरी गाड़ी में कपड़े चेंज करके पहुंचा घटना मंगलवार लगभग नौ बजे की है। दूल्हे को दूसरी गाड़ी में बैठाया गया और कपड़े चेंज कराए गए। फिर लॉन ले जाया गया। वहां शेरवानी पहनी और फिर से बारात निकली। दूल्हा रात 11 बजे बग्घी पर सवार होकर निकला। दूल्हे की कार में रखे सभी कपड़े भीग गए, जिन्हें बाराती लॉन के एक कमरे में पंखे चलाकर सुखाते रहे। पिता बोले– शराब के नशे में था ड्राइवर दूल्हे के पिता रामनरेश प्रजापति ने बताया कि वह दूसरे वाहन में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे को ले जा रहा चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने वाहन को बबुरी कस्बे के पास तालाब में गिरा दिया। इस हादसे में दूल्हे का 75 हजार रुप, का स्मार्टफोन, सोने की चेन और सोने की अंगूठी पानी में खो गई। दूल्हे के बड़े भाई चंद्रभान कुमार प्रजापति ने बताया कि चालक को शराब पीने से मना किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह नशे में गाड़ी चला रहा था। बबुरी के प्रभारी थानाध्यक्ष विभूति नारायण राय ने बताया कि कार तालाब में गिर गई थी, लेकिन सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। ------------- ये खबर भी पढ़ें… भाजपा विधायक के बेटे ने टोलकर्मी को मारा थप्पड़, VIDEO:आगरा में बैरियर न उठाने पर हुआ विवाद, गाड़ी से उतरते ही पीटने लगा आगरा में फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश ने टोलकर्मी को थप्पड़ मारे। पहले टोल देने को लेकर टोलकर्मी से बहस हुई। तभी सुरेश गुस्से में गाड़ी से उतरा और टोलकर्मी को 2 थप्पड़ मार दिए। पूरी खबर पढ़ें...