अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज एवं संजीवा सिंह तीरंदाजी संस्थान के संस्थापक संजीव कुमार सिंह को लखनऊ में 'वीरकेश्वर मल्ल कर्मवीर सम्मान 2024' से सम्मानित किया गया। देवरिया जनपद के खोरमा कन्हौली निवासी सिंह को तीरंदाजी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और ग्रामीण अंचल में इस खेल को नई पहचान दिलाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। संजीव सिंह लंबे समय से तीरंदाजी के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अनेक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित किया है। उनके प्रयासों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिला है, जिससे जिले का नाम भी रोशन हुआ है। यह सम्मान बीएमएन सेवा संस्थान, लखनऊ द्वारा प्रदान किया गया। संस्थान के प्रचार एवं जनसंपर्क सचिव तथा सचिव के हस्ताक्षरयुक्त सम्मान पत्र उन्हें समारोह में भेंट किया गया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, सदस्य विधान परिषद एवं एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष पवन सिंह चौहान, राज्यपाल के विशेष सचिव शिव प्रकाश गुप्ता तथा 'राष्ट्र धर्म' के संपादक मनोज सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीव सिंह ने इसे अपने विद्यार्थियों और समर्थकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के माध्यम से नई दिशा देना है। जिले में उनके सम्मान से खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।