देवरिया शहर के रामनाथ स्थित एक विद्यालय के प्रबंधक पर विधायक निधि से 24.18 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरस्वती सदन, रामनाथ निवासी परितोष मिश्र ने तहरीर में आरोप लगाया है कि यूपी पब्लिक स्कूल की मान्यता फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्राप्त की गई थी। इस मामले की जांच में पहले भी अनियमितताओं की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद संबंधित प्रकरण में एक और केस दर्ज किया जा चुका है। शिकायत के अनुसार, विद्यालय भवन निर्माण के नाम पर वर्ष 2003 से 2017 के बीच विधायक एवं विधान परिषद निधि से कुल 24.18 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त की गई थी। आरोप है कि इस धनराशि का दुरुपयोग कर गबन किया गया। शिकायतकर्ता परितोष मिश्र ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सरस्वती सदन, देवरिया रामनाथ निवासी अजय कुमार मिश्र के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने जानकारी दी कि न्यायालय के निर्देश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।