Advertisement
Sponsored
पेपर से पहले इंटर का छात्र फंदे पर लटका:प्रयागराज में आखिरी बार दोस्त को किया फोन, कहा- मैथ से बहुत डर लग रहा है
Feb 23, 2026
प्रयागराज में सोमवार सुबह इंटरमीडिएट के छात्र समीर यादव (17) ने मैथ की परीक्षा से कुछ घंटे पहले घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पहले उसने अपने एक दोस्त को फोन किया। कहा कि उसे बहुत डर लग रहा है और वह समझ नहीं पा रहा कि पेपर कैसे दे पाएगा। इसके बाद ही उसने यह कदम उठाया। परीक्षा को लेकर था गहरे तनाव में
चचेरे भाई सत्यम ने बताया, सोमवार दोपहर 2:30 बजे से समीर का मैथ का पेपर था। वह पिछले कुछ दिनों से मैथ विषय को लेकर काफी तनाव में था। रविवार रात भी वह देर तक पढ़ाई करता रहा। सुबह मां ने देखा तो मच गई चीख-पुकार
सोमवार सुबह करीब 7 बजे मां उसे जगाने के लिए पहुंचीं। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर परिजनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए।
समीर कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोस्त ने बताई पूरी बात
चचेरे भाई सत्यम ने बताया कि घटना से पहले समीर ने अपने एक दोस्त को फोन किया था। उसने कहा था कि उसे मैथ समझ में नहीं आ रहा है और परीक्षा को लेकर बहुत डर लग रहा है। दोस्त ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ देर बाद ही उसने फोन काट दिया था। सत्यम ने बताया कि घटना के बाद जब समीर के फोन की कॉल हिस्ट्री चेक की गई तो उसमें अंतिम बार दोस्त का नंबर डायल मिला। जब दोस्त से बात की गई तो उसने यह जानकारी दी। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
समीर के पिता जय सिंह मुंडेरा मंडी में किराने की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई प्रिंस पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
10वीं में स्कूल टॉपर था
परिजनों ने बताया कि समीर पढ़ाई में बेहद गंभीर और अनुशासित था। 10वीं कक्षा में वह अपने स्कूल का टॉपर रहा था। अन्य सभी विषयों में उसकी पकड़ मजबूत थी, लेकिन गणित को लेकर वह अक्सर दबाव महसूस करता था। वह मुंडेरा स्थित मुन्नी देवी इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था और भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता था।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments