Advertisement
Sponsored
प्रतापगढ़ में स्कूल संचालक पर हमला:गिरफ्तारी न होने पर एसपी से शिकायत, निजी स्कूल प्रबंधक संघ ने की मांग
Feb 24, 2026
प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में बीते सप्ताह एक स्कूल संचालक पर हुए जानलेवा हमले और लूट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर निजी स्कूल प्रबंधक संघ ने आज मंगलवार जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। संघ के सदस्यों ने मंगलवार को एसपी से मुलाकात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। यह घटना स्कूल की फीस को लेकर पड़ोसी गांव सोनाही के एक छात्र के अभिभावक द्वारा की गई थी। दिलीपपुर पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूट सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। निजी स्कूल प्रबंधक संघ के अध्यक्ष गंगा प्रसाद पांडे की अध्यक्षता में हुई इस मुलाकात के दौरान, संघ ने मामले की विवेचना कंधई पुलिस को स्थानांतरित करने की भी मांग की। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विवेचना कंधई पुलिस को सौंपने का आदेश दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पीड़ित स्कूल संचालक अजीत प्रताप सिंह ने एसपी को बताया कि मुख्य आरोपी वासिफ और इरफान के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में लगभग एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एटीएम लूट, छिनैती और जानलेवा हमला जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। स्कूल संचालक ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। इस बीच, दिलीपपुर पुलिस ने दावा किया है कि स्कूल संचालक से मारपीट और लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज रघुवंशी ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments