मेरठ में नमो भारत और मेरठ मेट्रो का उदघाटन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मेरठ पहुंचे। यहां उन्होंने उदघाटन के बाद एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी भी रहे, लेकिन रालोद समर्थकों ने इस पूरे कार्यक्रम को लेकर कुछ नाराजगी भी जताई। लोकदल के माइनरिटी सेल के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक जैन ने कहा- पश्चिम उत्तर प्रदेश के एक बड़े नेता के रूप में जयंत चौधरी की पहचान आज देश भर में है। हमारे नेता के इस कार्यक्रम में पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। इसके बाद भी जनसभा के दौरान हमारे नेता जयंत चौधरी का भाषण नहीं हुआ इसको लेकर हमे नाराजगी है। सरकार बनावाने मे अहम योगदान उन्होंने कहा कि पश्चिम की अधिकतर सीटें ऐसी है जहां से जीतने के पीछे रालोद की बड़ी भूमिका है। इसके बाद भी यहां इतना भव्य कार्यक्रम होने में जयंत को बोलने का मौका न मिलने से उनके कार्यकर्ताओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। इस कार्यक्रम में ऐसा होना हमारे नेता का अपमान है। न कोई फोटो न झंडा रालोद के मेरठ शहर विधानसभा के अध्यक्ष मौ. मोबीन कुरैशी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इतने बड़े कार्यक्रम में रालोद सुप्रीमों शामिल रहे लेकिन कहीं भी उनकी फोटो दिखाई नहीं दी। सरकार में स्किल डेवलेपमेंट संबंधित विभाग की कमान संभालने के बाद भी जयंत को इस प्रकार दरकिनार करना भाजपा का अच्छा रवैया नहीं है। रास्ते में भी रोके रालोद कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कुछ रालोद लेताओं को पुलिस ने मेरठ साउथ स्टेशन पर रोकने का भी प्रयास किया इसके बाद उन्होंने वहां जमकर हंगामा भी किया। रालोद नेता ओमकार भदौड़ा ने कहा कि हमारी पार्टी गठबंधन में है और सरकार बनवाने में पश्चिम क्षेत्र में उनके नेता का अहम योगदान रहा है। इसके बाद भी हमे वहां जाने से रोका जा रहा है जो बिल्कुल भी ठीक नहीं है।