प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र में डंपर से कुलचकर सोमवार की सुबह करीब 8 बजे हाईस्कूल के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना पांडेय का मड़हा सिकरो गांव के पास कोरांव नारी-बारी मुख्य मार्ग पर हुई। नगर पंचायत कोरांव के चमनगंज मोहल्ला निवासी शाहिद अली (17) पुत्र स्व. छोटकऊ के साथ कैफ मोहम्मद उर्फ राज पुत्र कप्तान अली और एजाज अहमद पुत्र सरफुद्दीन रिजवी बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। आनंद बोधाश्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिवारीपुर में उनकी हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा थी। पांडेय का मड़हा सिकरो गांव के पास बालू लदे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शाहिद अली डंपर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल एजाज अहमद और कैफ उर्फ राज का इलाज कोरांव बाजार के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चालक के खिलाफ होगा मुकदमा शाहिद अली अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद से उसकी विधवा मां और भाई-बहनों का बुरा हाल है। थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों को डंपर का नंबर मिल गया है और डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया था। परिजनों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।