बस्ती में फोरेक्स एक्सचेंज में निवेश के नाम पर एक युवक से 23 लाख 90 हजार 550 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रौतापार ब्लाक रोड, गांधीनगर निवासी राकेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उन्हें फोरेक्स एक्सचेंज का कोर्स कराने और ट्रेडिंग में पैसा लगाकर कम समय में अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों पर कुल 23 लाख 90 हजार 550 रुपये आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अपने निवेश पर लाभ या मूल धन वापस करने की बात कही, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। बाद में उन्होंने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में राजू गौड़ निवासी ग्राम कोठवा थाना नगर और अभिषेक कुमार वर्मा निवासी वार्ड संख्या 17, पुराना डाकखाना थाना कोतवाली को नामजद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।