Advertisement
Sponsored
फिरोजाबाद नगर निगम में हंगामा:कार्यकारिणी चुनाव से पहले पार्षदों ने छोड़ा सदन, 28 कर्मचारियों को बहाल करने की मांग
Feb 23, 2026
फिरोजाबाद नगर निगम में सोमवार को कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले जमकर हंगामा हुआ। गांधी पार्क स्थित पालीवाल ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से चुनाव प्रारंभ होना था, लेकिन कर्मचारियों के मुद्दे पर सदन का माहौल गरमा गया। कई पार्षद सदन छोड़कर बाहर धरने पर बैठ गए। बैठक शुरू होते ही पार्षद अजय शर्मा ने प्रकाश विभाग से हटाए गए 28 कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि कर्मचारियों को बिना ठोस कारण हटाया गया है और उनकी बहाली के बिना चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाना अनुचित होगा। मेयर ने स्पष्ट किया कि बैठक का एजेंडा केवल कार्यकारिणी चुनाव है और उसी पर चर्चा की जाएगी। मेयर के इस रुख से असंतुष्ट कई पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए। पार्षद ऑडिटोरियम परिसर में धरने पर बैठ गए, जिससे चुनाव प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई। स्थिति को संभालने के लिए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित कंपनी के अधिकारी उनके कार्यालय में मौजूद हैं। जिन कर्मचारियों का अनुबंध समाप्त हो गया है, वे सीधे अधिकारियों से संपर्क कर अपना अनुबंध पुनः करवा सकते हैं। नगर आयुक्त के इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और पार्षद वापस सदन में लौट आए। इसके बाद कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया पुनः शुरू की गई। नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव को लेकर पहले से ही सियासी सरगर्मी तेज थी। कर्मचारियों का मुद्दा उठने से माहौल और गरमा गया। हालांकि, प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। पार्षद उषा शंखवार, पार्षद देश दीपक यादव सहित अन्य पार्षदों ने सदन की बैठक का बहिष्कार किया।
Advertisement
Advertisement
Readers Comments