नजीबाबाद वन प्रभाग के साहूवाला रेंज की खारी बीट में एक हाथी का सड़ा हुआ शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मामला बढ़ापुर क्षेत्र का है, जहां जंगल से तेज दुर्गंध आने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो हाथी का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत करीब 7 दिन पहले हुई होगी। 8 साल का बताया जा रहा हाथी वन अधिकारियों के मुताबिक मृत हाथी की उम्र लगभग आठ वर्ष आंकी गई है। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि में सावधानी बरती जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही हाथी के शव का मेडिकल परीक्षण शुरू कर दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का सही पता लगाया जा सके। मौत का कारण स्पष्ट नहीं अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जहर, बीमारी या आपसी संघर्ष जैसी संभावनाओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। सुरक्षा के चलते रोका गया प्रवेश सुरक्षा कारणों से मीडियाकर्मियों और अन्य लोगों को शव के पास जाने से रोका गया है। वन विभाग ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है, ताकि जांच प्रभावित न हो और किसी तरह की अफवाह न फैले। रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई साहूवाला रेंज के वन दरोगा नितिन ने पुष्टि की कि हाथी का शव खारी बीट में मिला है और उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। घटना के बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क है और आसपास के जंगल क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।