समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को बिजनौर शहर में 'एसआईआर जागरूकता साइकिल रैली' का आयोजन किया। यह रैली मतदाता सूची में कथित धांधली और गरीब, दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने के विरोध में निकाली गई। रैली का नेतृत्व सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शेख ज़ाकिर हुसैन और पूर्व ब्लॉक प्रमुख व सपा नेता अनुज मलिक ने संयुक्त रूप से किया। सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता साइकिलों पर सवार होकर "अखिलेश यादव जिंदाबाद" और "पीडीए जिंदाबाद" के नारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। यह रैली अनुज मलिक के आवास वैष्णो विहार से शुरू होकर बैराज रोड, नुमाइश ग्राउंड, जजी चौक, शास्त्री चौक, सिविल लाइन, डाकघर चौराहा, रोडवेज चौराहा और कलेक्ट्रेट रोड होते हुए पार्टी कार्यालय पर समाप्त हुई। रैली का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। जजी चौराहे पर अधिवक्ताओं ने, सिविल लाइन में रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों ने और डाकघर चौराहे पर व्यापारियों ने कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शेख ज़ाकिर हुसैन ने कहा कि यह साइकिल रैली भाजपा सरकार की 'नफरत की राजनीति' के खिलाफ निकाली गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'एसआईआर' के नाम पर धांधली हो रही है और गरीब, दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं। हुसैन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि पार्टी जनता को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक कर रही है। अनुज मलिक ने कहा कि यह रैली केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि जन-जागृति का अभियान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की ताकत से हर गड़बड़ी का मुकाबला किया जाएगा और जनता का मत छीनने की साजिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रैली के समापन पर अनुज मलिक ने सभी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से बिजनौर की आवाज़ प्रदेश और देश तक पहुँची है तथा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर डॉ. रमेश तोमर, धनंजय सिंह यादव, शमशाद अंसारी, डॉ. रहमान मेहमूद कस्सार, प्रभा चौधरी, मदन सैनी, शहज़ाद अंसारी, सतपाल सिंह, मनोज राजपूत, डॉ. योगिंदर चौधरी, कामेंद्र तोमर, बी.के. कश्यप, हनी फैसल, सुहेल बाकर, मानू, कमलेश भूय्यार, राधा सैनी, कृपा रानी प्रजापति, विमलेश चौधरी, अख़लाक पप्पू, संजय पाल, नमन प्रधान, ओमप्रकाश चौधरी, मुस्तकीम सभासद, अफ़ज़ाल पहाड़ी, सुरेंद्र बाल्मीकि, प्रमोद प्रधान, वक्कार राईन, आदित्य चौधरी, विनय चौधरी, समरेश चौधरी, अंबर चौधरी, अब्दुल वहाब, कासिम कुरैशी, खलेंदर चौधरी, दानिश अख़लाक, डॉ. इरफान मलिक, अशोक गहलोत, कुलवीर चौधरी, सोनम चौधरी, रफीक अहमद, शरीफ अहमद, जुबेर अहमद, अतीक अहमद, मोहम्मद वसीम एवं अहमद खिज़र खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Reader Comments