झांसी में बेटे की शादी से 14 दिन पहले पिता की मौत हो गई। वह खेत पर गए थे। थोड़ी देर बाद बेटा पहुंचा तो पिता बेहोश पड़े थे। परिजन उठाकर मेडिकल कॉलेज लाए। जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। बेटे का कहना है कि हमारी जमीन लिंक एक्सप्रेस-वे में जा रही है। 5 दिन पहले ही खेत में बांस गाड़े गए थे। पिता जमीन नहीं देना चाहते थे, इसी वजह से दुखी थे। सदमे में उनकी मौत हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के परसर गांव का है। 5 दिन पहले खेत में गाड़े थे बांस मृतक का नाम आजाद यादव (47) पुत्र कल्याण यादव था। वह बड़ागांव के परसर गांव के रहने वाले थे। मृतक के बेटे रामू यादव ने बताया- हमारे पिता खेती किसानी करते थे। उनके पास लगभग 14 बीघा खेती है। हमारे गांव से लिंक एक्सप्रेस वे निकल रहा है। इसमें हमारी लगभग 8 बीघा खेत जा रहे हैं। पिता ये जमीन देना नहीं चाहते थे, मगर 5 दिन पहले खेतों में बांस गाड़ दिए गए। इससे पिता दुखी थे। मंगलवार शाम लगभग 6 बजे वह खेत पर गए थे। वहां पर वे बेसुध हो गए। तब उनको मेडिकल कॉलेज लाए। यहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटे का आरोप है कि जमीन जाने के सदमा में पिता की मौत हुई है। 10 मार्च को है बेटे की शादी आजाद की मौत के बाद घर में मातम छाया है। उनके दो बेटे रामू यादव और विशाल यादव है। रामू की शादी हो चुकी है। जबकि विशाल की शादी 10 मार्च को होनी है। सगाई हो चुकी थी। अब घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। निमंत्रण पत्र छपने के बाद बांटे जा रहे थे। मगर पिता आजाद यादव की मौत के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।