बागपत जनपद के बड़ौत क्षेत्र की एक महिला ने जिलाधिकारी ऑफिस मे शिकायत की है। महिला ने अपने आवासीय पट्टे पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता पूनम, स्वर्गीय योगेंद्र कुमार पांचाल की पत्नी हैं। पूनम ने बताया कि उनके पति का निधन वर्ष 2020 में हो गया था। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ा था। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी और उनके बच्चों की मदद की और उन्हें रहने के लिए स्थान दिया। अब कुछ दबंग लोग उस आवासीय पट्टे की जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर चुके हैं। शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही। पीड़िता ने जिलाधिकारी से अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित भूमि की जांच कर कब्जा हटवाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निवेदन किया है। साथ ही, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई है। प्रशासन ने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।