बदायूं के उझानी कोतवाली से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित एक सर्राफा दुकान में मंगलवार रात चोरी का प्रयास किया गया। पड़ोसियों की सतर्कता से एक संदिग्ध युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथी फरार होने में सफल रहे। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह घटना स्टेशन रोड पर स्थित मेसर्स नमन ज्वेलर्स की दुकान पर हुई, जिसके मालिक श्रीनारायण गंज निवासी राकेश जिंदल हैं। बदमाशों ने रात करीब 12 बजे दुकान के चैनल गेट का कुंडा काटकर अंदर घुसने की कोशिश की और सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ गए। इसी दौरान खटर-पटर की आवाज सुनकर पड़ोसी चंद्र प्रकाश गुप्ता (राजू गुप्ता) जाग गए। उन्होंने तत्काल दुकान मालिक राकेश जिंदल को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही राकेश जिंदल मौके पर पहुंचे और आसपास के अन्य व्यापारी भी एकत्र हो गए। खुद को घिरता देख बदमाश भागने लगे। व्यापारियों और पड़ोसियों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए युवक के पास से कटर, सब्बल और सरिया जैसे औजार बरामद हुए हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।
Reader Comments